Tuesday 21 February 2017

मेरा राष्ट्रवाद

  भारत एक राष्ट्र के रूप में मुझे गर्व से भरता है। यह ऐसा देश है, जो अपने हर हिस्से और हर हरकत में बेजोड़ है। मैं खुद को खुशनसीब मानता हूं, जो आजाद भारत में पैदा हुआ। मेरे कई पुरखे गुलाम सदियों की उथल-पुथल में जाने कहां-कहां से बेदखल होते हुए भटके। उनके लिए भारत के क्या मायने रहे होंगे? मगर चार पीढ़ियाें के संघर्ष के बाद आजादी की रोशनी में आए भारत की याददाश्त में हजारों साल पुरानी सभ्यता और संस्कृति के जगमगाते किस्से थे। यह मामूली बात नहीं थी। यह ऐसी विरासत थी, जिसने भारत को भरोसे से भरा। भरोसा इस बात का कि वह किसी से कम नहीं है।
मैं मानता हूं कि राष्ट्रवाद की कोई एक परिभाषा नहीं हो सकती। हरेक के लिए इसके मायने अलग हो सकते हैं। नजरिया दूसरा हो सकता है। मगर मूल में राष्ट्र ही होना चाहिए। यह अनिवार्य शर्त है। निर्विवाद, संदेह और सवालों के परे सिर्फ एक राष्ट्र। भारत ने अपने निकट अतीत मंे जो भोगा है, उसे देखते हुए यह देश हमसे कुछ अतिरिक्त की अपेक्षा करता है। और यह अपेक्षा गैर वाजिब नहीं है। भारत में पैदा होने के कुछ खास मायने हैं। यह धरती के किसी भी हिस्से में पैदा होने जैसा संयाेग नहीं है। चमत्कारिक रूप से इस धरती पर संसार की चंद जीवित और पुरातन परंपराएं जहां बची रह पाईं, उनमें भारत सबसे ऊपर है। भारतीय लोक संस्कृति के प्रसिद्ध अध्येता डॉ. कपिल तिवारी इसे जोर देकर पुरातन की बजाए सनातन कहते हैं। मुझे लगता है यही ज्यादा सही है। हम पुरातन नहीं, सनातन हैं। इसलिए प्रासंगिक हैं।
जिद और झक में नक्शे पर चंद लकीरें खींच देने भर से कोई राष्ट्र नहीं बन जाते। आजादी के साथ हुए बटवारे के बाद हमने यह कहकर संतोष किया कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक भारत एक है। मगर कश्मीर का जो हिस्सा लकीर के उस तरफ है, उसका क्या? इसी लकीर के इस तरफ पंजाब का एक टुकड़ा है और दूसरी तरफ दूसरा, उसका क्या? वे भी तो हजारों साल से उसी पुरातन और सनातन सिलसिले का हिस्सा रहे हैं। आज वे किस राष्ट्र को संबोधित हैं? एक दिन कागजों पर नए नक्शे बन गए। लकीरें खिंच गईं। जमीन पर खूनखराबे और मारकाट मची। एक राष्ट्र खंडित हो गया। दूसरा पैदा हो गया। लेकिन इन सिरफिरी लकीरों से पैदा हुए उस तथाकथित राष्ट्र की क्या गत हुई? वहमी विचार पर जड़ों से उखड़ी एक जमात!
राष्ट्र अपनी गौरवशाली परंपराओं से बनते हैं। इसमें पीढ़ियां लगती हैं। वे जिंदगी को बेहतर, अासान और उद्देश्यपूर्ण बनाने में अपनी सर्वश्रेष्ठ प्रतिभा लगाती हैं। वे कुछ ऐसा देकर जाती हैं, जो आने वाली नस्लों के लिए प्रेरक, याद करने और गर्व करने लायक हो। वह कुछ भी हो सकता है। मसलन, कोई जीवन और जगत की उलझी हुई पहेली को सुलझाएगा, नई और मौलिक अवधारणाएं देगा। कोई एक का खंडन करेगा, दूसरा विचार पेश करेगा। कोई मनुष्य की चेतना और जीवन स्तर को ऊंचा उठाने की नई-नई तरकीबें खोजेेगा। नए धर्म की नींव रखेगा। नई सोच, नया नजरिया देगा। कोई यादगार कविता लिखेगा। कोई गणित के सूत्र रचेगा। काेई अंतरिक्ष में ताकझांक कर ग्रहों की गणना करेगा तो कोई प्रकृति के प्रश्नों के उत्तर ढूंढेगा। कोई अजंता-एलोरा बनाएगा। कहीं बामियान के पहाड़ों से बुद्ध प्रकट किए जाएंगे। कोई तक्षशिला, नालंदा और विक्रमशिला की नींव रखेगा। कोई कोणार्क और खजुराहो में चौंकाएगा। कहीं कोई चौबीस कैरेट का विजयनगर चमकाएगा। कोई संगीत तो कोई नाटक और नृत्य की विधाएं लेकर आएगा। यह सिलसिला सदियों तक एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक चलता ही चला जाएगा। अब आप कल्पना कीजिए कि जिस जमीन पर यह होगा, उसकी शक्ल आखिरकार कैसी होगी?
भारत की कहानी में यही सब है और भरपूर है। पांच हजार साल के ज्ञात सिलसिले में हर हुनर के लाजवाब किरदारों की कभी खत्म होने वाली चमकदार कतार, कारनामे और शानदार सबूत हमारे पास हैं। जब अंग्रेज यहां आए तो यही वह चीज थी, जिसने भारत के प्रति चंद जिज्ञासु अफसरों को हैरत से भरा। मैं सर विलियम जाेंस का नाम सबसे ऊपर रखूंगा। बीस-पच्चीस साल के ऐसे युवा अंग्रेज, जो यहां आज के लाटसाबों की तरह ठाट से सिर्फ अफसरी करने नहीं आए थे यहां की आबो-हवा ने उन्हें गजब की रचनात्मक ऊर्जा से भर दिया। उन्हांेने यहां की भाषा सीखी, शास्त्र पढ़े, देश के कोने-कोने में वीरान और उजाड़ खंडहरों की खोज में जिंदगी लगा दी, शिलालेखों में इस देश के वैभवशाली अतीत के मजबूत सबूत ढूंढे, चप्पे-चप्पे में खुदाइयां कीं और नए-नए रहस्य उजागर किए। वे रहस्य जिन पर सदियों की गुलामी की धूल चढ़ी थी। जो हमारी याददाश्त से गुम थे और मूर्खतापूर्ण लगने वाले किस्से कहानियां बनकर रह गए थे।

पूरी उन्नीसवीं सदी ऐसे अनगिनत अंग्रेजों की जबर्दस्त जिज्ञासा और खोज से भरी है, जिसने भारतीयों को भारत का भूला-बिसरा परिचय याद दिलाया अपने अथक परिश्रम और समर्पण से एक साफ-सुथरा आइना हमें दिया, जिसमें हम अपनी शक्ल ढंग से देख सकते थे। वर्ना तब हम सारनाथ के स्तूपों की ईंटें खोदकर वाराणसी में एक नया मोहल्ला बना रहे थे, नालंदा के टीलों पर खैनी खा-चबाकर थूक रहे थे और सांची की महान विरासत को जंगलों में खो चुके थे। ये वो कोशिशें थीं, जिसने आजादी की लड़ाई में दाखिल होने के पहले भारत को भारत याद दिलाया। मैं समझता हूं कि एक बदकिस्मत मुल्क के लिए यह बड़ी सौगात थी। उन अफसरों के योगदान को देखकर मुझे लगता है जैसे हमारे ही पुरखे उनके रूप में लौटकर भारत आए हों, हमें वापस यह बताने के लिए कि बच्चों देखो, भारत क्या है?
उसी दौरान यह देश 90 साल के विकट स्वाधीनता संघर्ष से गुजरा। तब भारत की कोख से कमाल के किरदार पैदा हुए। स्वामी विवेकानंद मुझे सबसे पहले याद रहे हैं, जिन्होंने पश्चिम को सबसे पहले सबसे ऊंचे स्वर में बताया कि भारत और उसकी नियति क्या है? विवेकानंद का तेवर राष्ट्रवाद की सर्वश्रेष्ठ परिभाषा है। उनका हर भाषण, हर उत्तर, हर शब्द एक राष्ट्र के रूप में भारत की कहानी को महान अर्थ देता है। उसकी जरूरतों को बताता है। उसकी अपेक्षाएं उजागर करता है। कमियों को रेखांकित करता है। वे आधुनिक भारत के प्रथम प्रवक्ता हैं, जिन्हें भारत की नियति ने ही एक खास काम के लिए इतिहास के एकदम सही मोड़ पर पैदा किया। वे बहुत थोड़े समय जीए, लेकिन बहुत विराट देकर गए। उनके बिना मेरे राष्ट्र की गौरवशाली कहानी का सबसे चमकदार पन्ना बेरौनक ही रह जाता।
सातवीं से दसवीं सदी में बेरहम अरब और तुर्क हमलावरों के दाखिल होने तक भारत नक्शे पर खिंची रेखाओं की शक्ल में आज जैसा एक स्पष्ट राष्ट्र नहीं था। लेकिन इस भू-भाग की सांस्कृतिक परिभाषा वेदों की ऋचाओं में मौजूद है। 23 सौ साल पहले सिकंदर के हमले के समय तक्षशिला में आचार्य चाणक्य के मन में एक राष्ट्र के रूप में भारत के भविष्य को लेकर ही तो चिंताएं और सवाल कौंधे थे, जो घनानंद की अपमान भरी राजसभा तक उन्हें ले आए थे। राष्ट्र भारत की जागृत चेतना में तब भी मौजूद था। भारत को उसकी महान सांस्कृतिक परंपराओं ने एक रूप दिया था।
राज्य विस्तार के संघर्ष में एक दूसरे से उलझे और लगातार लड़ते रहने वाले शासक भी जीत के बाद सिर्फ संसाधनों पर कब्जे कर अपने अहंकार की तुष्टि करते थे। वे अपनी समान संस्कृति के एक जैसे मान बिंदुओं को कभी नष्ट नहीं करते थे। तो एक तरफ राज्यों की सीमाएं बनती, बिगड़ती रहती थीं और दूसरी तरफ हर राजवंश में कुछ शासक ऐसे भी होते थे, जो कुछ गजब की चीजंे जोड़ जाते थे। और इस तरह हजारों साल की यात्रा में भारत हर रंग-रूप में खिलता-खिलखिलाता रहा। हर पीढ़ी को अपने जीते-जी गर्व करने लायक एक महान विरासत अपने हिस्से में जन्म से मिली।
सातवीं सदी में सिंध और ग्यारहवीं सदी में दिल्ली पर कब्जे के बाद हालात बदले। भारत एक हजार साल लंबी इतिहास की अंधेरी और भयावह सुरंग में धकेल दिया गया। यह गुलामी की भयावह यातना से भरी सुरंग थी। राष्ट्र के रूप में भारत की चेतना को आघात पहुंचाने वाली, क्योंकि वे हमलावर भारत की आत्मा से परिचित थे, होना चाहते थे। भारत की कला, संस्कृति और स्मारक उनमें उन्नीसवीं सदी के नौजवान अंग्रेज अफसरों की तरह जिज्ञासाओं से नहीं भर रहे थे। वे सूखे रेगिस्तानों से आए दुर्दांत लुटेरे थे, िजनके सिर पर खून सवार था और वे किसी भी हद तक जा सकते थे। वे इस वहम में थे कि वे सब कुछ जानते हैं और उन्हें संसार का सर्वश्रेष्ठ ज्ञान मिल चुका है। इसलिए वेद या बुद्ध में उनकी दिलचस्पी का कोई सवाल ही नहीं था। वे बहुत आसानी से नालंदा को जलाकर राख करने का कलेजा रखते थे। वे ऐसे ही विजेता थे, जो आतंक और डर के सहारे बाकी दुनिया पर कत्लेआम और कब्जा करने निकले थे। इनकी चपेट में आकर जिन्होंने अपनी पहचानें बदलीं, वे और ज्यादा घातक होते गए। अपनी जड़ों से भटकी और दूर तक फैली एक नस्ल अपने ही राष्ट्रों के लिए आत्मघाती बनती चली गई।
इसलिए जब विवेकानंद जैसे किरदार भारत की घायल सदियों में दूर-दूर तक फैली राख और धुएं के पार देखते हैं तो भारत के असली परिचय तक पहुंचते हैं। उन्हंे भारत की आत्मा का असली अहसास होता है। तब एक दिन कन्याकुमारी में समुद्र के भीतर आखिरी चट्टान पर वे संसार को कुछ बताने को बेचैन हो उठते हैं। नियति जल्दी ही शिकागो की एक सभा में उन्हें वह मौका देती है। और एक सुबह दुनिया को पहली बार पता चलता है कि भारत के मायने क्या हैं?
इस्लाम के बिना यह चर्चा अधूरी और बेमानी होगी। मैं यहां टर्की के एक महापुरुष कमाल मुस्तफा पाशा का जिक्र करना चाहूंगा। कमाल ने जो किया, मेरी नजर में एक आहत राष्ट्र के खोए हुए गौरव को हासिल करने के लिए एक बड़ी नजीर है। टर्की एक इस्लामी मुल्क है। लेकिन पाशा की नजर में वह इस्लाम के पहले भी कुछ था। उनकी अपनी परंपराएं थीं। भाषा थी। संस्कृति थी। यह बात और है कि इस्लाम की सदियों की सोहबत में सब कुछ धुंधला गया था। जब इस्लाम के अंधड़ अपनी चपेट में आने वाले हर भूभाग और वहां के बाशिंदों की शक्लें और पहचान हमेशा के लिए बदल रहे थे तब टर्की भी अपनी जड़ों से टूटकर तबाह हुआ। बीसवीं सदी की पहली चौथाई में इस्लाम का आखिरी खलीफा यहीं से अपनी हुकूमत चला रहा था। कमाल मुस्तफा पाशा के तस्वीर में आते ही इस मुल्क ने सबसे पहले उठकर अपने ऊपर चढ़ी सदियों की धूल झटकारी और पहली ही अंगड़ाई में एक राष्ट्र के रूप में अपनी गुमशुदा याददाश्त पर जोर डाला।
पाशा ने फौरन कई कदम एक साथ उठाए। उन्होंने टर्की को अपनी मूल पहचान की तरफ मोड़ा। भाषा का शुद्धिकरण इस हद तक किया कि अरबी-फारसी के शब्दों को बीन-बीनकर हटाया गया। एक मजहब के रूप में उन्हांेने इस्लाम को कायम रखा मगर अपने राष्ट्र की शर्तों पर। मसलन, हम कुरान अरबी में नहीं, तुर्की में पढ़ेंगे। उन्होंने अल्लाह शब्द तक का तुर्की में तर्जुमा किया। कहा कि हम नई मस्जिदें नहीं बनाएंगे। एक सेकुलर निजाम में पुरानी मस्जिदें, ऐतिहासिक इमारतें होंगी, जहां सब -जा सकेंगे। जुमे की बजाए संडे को छुट्टी रखेंगे। सार्वजनिक स्थानों पर मजहबी लिबास पर बंदिश रहेगी। कुछ कट्टरपंथियों ने कुरान के अनुवाद की मुखालिफत की तो पाशा का जवाब था-वो कैसा अल्लाह है जो सिर्फ अरबी में समझेगा और वही बात तुर्की में नहीं। पाशा ने पंद्रह साल में एक राष्ट्र की कायापलट कर दी। कृतज्ञ राष्ट्रवादी नागरिकों ने आदर से उन्हें अपना अतातुर्क कहा। अतातुर्क मतलब राष्ट्रपिता!
अब आप इस अर्थ में आप भारत को देखने की हिम्मत जुटाइए। हमारे यहां क्या चला?
जब टर्की में पाशा अपने मुल्क की छाती पर लदे पड़े खलीफा को रफा-दफा कर रहे थे तब महात्मा गांधी यहां के मुसलमानों को खुश करने के लिए खिलाफत आंदोलन का प्लान कर रहे थे। भारतीय मुसलमानों की जिंदगी को बेहतर करने का इससे बेहतर विजन उनके पास नहीं था और इसी पर आजाद भारत की सेकुलर सरकारों ने आयतों की तरह अमल किया। खुश करने के लिए तात्कालिक और सस्ते उपाय, जिसने एक जिंदा कौम को वोट बैंक का अपमानजनक तमगा दिया। सरदार पटेल ने जब सोमनाथ के सीने से इतिहास का अपमानजनक दाग धोकर भारत के भाल पर सम्मान का त्रिपुंड लगाया तो यह कारनामा सबसे पहले पंडित नेहरू को ही रास नहीं आया। वे तो डॉ. राजेंद्र प्रसाद तक से खैर खाकर ही बैठ गए, जो सोमनाथ के समारोह में बतौर राष्ट्रपति शान से शरीक हुए। जाने-माने पत्रकार दुर्गादास ने अपनी किताब कर्जन टू नेहरू में उस विकट दौर की आंखों देखी लिखी है। किसी भी राष्ट्र के जीवन में ये छोटी, मामूली और भूलने योग्य घटनाएं नहीं हैं। खासकर तब जब वह राष्ट्र एक नई जिंदगी शुरू करने जा रहा हो। और इनका नतीजा क्या हुआ? तो सत्तर साल में वर्ग विशेष की हालत में कोई बदलाव आया और ही वे भारत की रूह से जुड़ पाए। उनमें पराएपन का असंतोष बना ही रहा, जो आए दिन के टकराव की जड़ बनकर जम गया। पाकिस्तान में पैदा हुए मशहूर लेखक तारेक फतह खुद को अपने पंजाबी पूर्वजों से जोड़कर हिंदुस्तानी कहने में गर्व महसूस करते हैं। इस्लामी हमलावरों से अपना इतिहासजोड़ने वाली मुस्लिम मानसिकता पर उन्हें सख्त ऐतराज है।
एक भावुक भारतीय के रूप में भारत के टुकड़े मुझे बेचैन करते हैं। अयोध्या में भगवान राम का एक टेंट में पनाह लेना मुझे अफसोस से भरता है। वाराणसी में प्राचीन विश्वनाथ मंदिर का नंदी अपने शिव की बाट जोह रहा है। उसे नहीं पता कि यहां वक्त ठहर गया है। तब मैं सोचता हूं कि यह कैसा राष्ट्र है, जिसके देव और महादेव ही अपनी जगह से बेदखल हैं। बचा-खुचा भारत अपनी सनातन सांस्कृतिक पहचान की बुनियाद पर एक नई शुरुआत कर सकता था। 1947 में बहुत आसान था कि हम कुछ पुराने दाग धो लेते। कुछ नए रास्तों पर निकलते। बटवारे के हिसाब-किताब में चीजें ज्यादा बेहतर ढंग से साफ हो सकती थीं। अलग से सेकुलर होने का झंडा सिर पर टांगने की इसलिए जरूरत नहीं थी क्योंकि भारत अपने स्वभाव और अपने चरित्र से सेकुलर ही है। वह अड़ियल होता तो किसकी हिम्मत थी कि सिंध के पार कभी कोई आंख तिरछी करके भी देखता। 17 बार हमले और दिल्ली पर कब्जे तो सपने में भी संभव नहीं होते।
हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि किसी भी विचार को धर्म या संस्कृति की शक्ल लेने में चंद सदियों का वक्त नाकाफी है। इसमें हजारों साल और पीढ़ियां खपती हैं। विवादों और असहमतियों को पचाने की अथाह क्षमता हमेशा जरूरी है। भारत ने हजारों साल की अपनी यात्रा की शुरुआत में ही यह सीख लिया था कि पूरी दुनिया एक कुटुंब है। जीओ और जीने दो। सब सुखी हों। सब स्वस्थ हों। किसी के हिस्से में कोई कष्ट आए। महान पुरखों की यही विरासत भारत को दुनिया में सबसे अलग करती है। यह देश हमसे अपने सर्वश्रेष्ठ का हकदार है। यह जरूरी है कि हम इसे समझने का बोध पैदा करें। वह आंख हमारे पास हो, जो समय के पार भारत को देख और समझ सके। इसके लिए इतिहास बोध होना जरूरी है, जो हमेशा से हमारा सबसे कमजोर पहलू रहा है। हमें हमारा ही पता दूसरे बताते आए हैं!
संक्षेप में मैं कहूंगा, सांसारिक और आध्यात्मिक क्षेत्र की हर गहराई और ऊंचाई को छूते हुए भारत ने सांस्कृतिक-आर्थिक समृद्धि के कई चमकदार दौर देखे। फिर वह अपनी ही दुनिया में मस्त रहा। जैसे उसे कुछ और पाना शेष नहीं था। यह उसकी मस्ती का ही आलम है कि नालंदा के हत्यारे बख्तियार खिलजी के नाम पर नालंदा की लाश के पास बख्तियारपुर नाम का शहर आज भी आबाद है। इस मस्ती का क्या कहिए कि बहराइच में महमूद गजनवी के हमलावर भांजे सालार मसूद की कब्र कब मन्नत पूरी करने वाली एक दरगाह बन गई, किसी को कानो-कान खबर हुई।
ऐसे एक दरियादिल राष्ट्र के रूप में यह अजूबा भी सिर्फ भारत में ही मुमकिन है।

3 comments:

  1. बेहद रोचक व तथ्यपरक...आपको साधुवाद...

    ReplyDelete
  2. रोचक तथ्यों को पठनीय और बेहतरीन शब्दों में पिरोया है। बहुत बहुत शुभकामनाएं भैया।

    ReplyDelete
  3. रोचक तथ्यों को पठनीय और बेहतरीन शब्दों में पिरोया है। बहुत बहुत धन्यवाद

    ReplyDelete

कालसर्प योग

ये विवरण आप अपने विवेक से पढ़ें। ये महाराष्ट्र की मेरी यात्राओं के अनुभव हैं। मैं त्रयम्बकेश्वर का जिक्र कर रहा हूं , जो जन्मकुंडली और ज...